दुनिया के 194 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। इससे 18 हजार 905 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 22 हजार 913 संक्रमित हैं। 1 लाख 9 हजार 143 मरीज ठीक भी हुए। अमेरिका में भी कोरोना के मामले तेज रफ्तार से बढ़ रहे हैं। सीएनएन के मुताबिक, 4 मार्च से संक्रमण के मामले हर दिन 23% तक बढ़े हैं। 18 से 19 मार्च तक अमेरिका में संक्रमण के मामलों में एक दिन में 51% की वृद्धि हुई है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि अमेरिका कोरोनोवायरस महामारी का केंद्र बन सकता है।
प्रशांत महासागर में तैनात अमेरिकी जंगी जहाज यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में तीन सैनिक पॉजिटिव मिले हैं। नेवी के कार्यवाहक सचिव थॉमस मूडली ने कहा कि तीनों संक्रमितों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए अन्य सैनिकों को भी आइसोलेट किया गया है। इस जंगी जहाज में करीब 5,000 नाविकों का दल है।
अमेरिकी सीनेट में 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास
कोरोनावायरस की वजह से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हो रहा है। इससे निपटने के लिए अमेरिकी सीनेट में बुधवार को 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास किया गया है। उधर, जेनेवा में डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता मार्गरेट हैरिस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। यहां बुधवार सुबह तक 54 हजार 808 लोग संक्रमित हुए हैं। देश में संक्रमण का पहला मामला 21 जनवरी को वॉशिंगटन में सामने आया था। अब तक 704 लोगों की जान गई है। इनमें न्यूयॉर्क में 210, वॉशिंगटन में 123 और लूसियाना में 46 मौतें हुई हैं।